CG BREAKING : कांकेर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर और मोहला-मानपुर जिले के जंगलों में सक्रिय आरकेबी (RKB) डिवीजन का अब पूरी तरह सफाया हो गया है। इस डिवीजन के अंतिम 5 सक्रिय नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है। 31 मार्च 2026 की निर्धारित डेडलाइन से महज 5 दिन पहले मिली यह सफलता पुलिस और सुरक्षा बलों के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
हथियारों के साथ पहुंचे जिला मुख्यालय
आत्मसमर्पण करने वाले पांचों नक्सली एसीएम (ACM) रैंक के कैडर हैं, जिनकी पहचान मंगेश, गणेशा, राजे, हिडमें और मंगती के रूप में हुई है। ये सभी नक्सली अपने आधुनिक हथियारों के साथ कांकेर जिला मुख्यालय पहुंच रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, ये अपने साथ एक SLR और दो .303 राइफल भी लेकर आए हैं, जिन्हें वे कांकेर एसपी निखिल राखेचा के समक्ष समर्पित करेंगे।
खत्म हुई अंतिम कमेटी
इस आत्मसमर्पण के साथ ही क्षेत्र में सक्रिय नक्सलियों की अंतिम संगठित कमेटी भी आधिकारिक रूप से समाप्त हो गई है। गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में इस इलाके के अधिकांश बड़े नक्सली या तो मुठभेड़ में मारे गए हैं या उन्होंने शासन की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण कर दिया है।








