Breaking

लोकतंत्र के मंदिर से पर्यावरण का संदेश: विधानसभा परिसर में 'एक पेड़ मां के नाम 3.0' अभियान, सीएम साय और डॉ. रमन सिंह ने लगाया रुद्राक्ष

Chhattisgarh RRT News Desk 14 July 2026

post

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून (पावस) सत्र आज हरियाली, जनभागीदारी और मातृ सम्मान के अनूठे भाव से सराबोर नजर आया। विधानसभा परिसर में 'एक पेड़ मां के नाम 3.0' अभियान के अंतर्गत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस खास मौके पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप सहित विधानसभा के सभी सदस्यों ने अपनी माताओं के नाम पर पौधरोपण किया। यह पहल प्रकृति के संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं हरित भविष्य के निर्माण का एक सामूहिक संकल्प बनकर उभरी।

Advertisement

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रुद्राक्ष का पौधा लगाया। उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान आज पूरे देश में एक बड़ा जनआंदोलन बन चुका है। यह अभियान सिर्फ पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपनी मां के प्रति कृतज्ञता और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का सशक्त प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब कोई व्यक्ति अपनी मां के नाम पर पौधा लगाता है, तो उसका एक भावनात्मक रिश्ता जुड़ जाता है, जिससे वह उस पौधे की देखभाल के लिए स्वयं प्रेरित होता है।

मुख्यमंत्री ने वैश्विक चुनौतियों जैसे जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग और बढ़ते तापमान का जिक्र करते हुए कहा कि आज के दौर में वृक्षारोपण मानव जीवन की सुरक्षा के लिए सबसे जरूरी माध्यम है। उन्होंने हर नागरिक से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी आत्मीयता से देखभाल करने की अपील की। कार्यक्रम में सभी जनप्रतिनिधियों ने अभियान के लिए तैयार विशेष सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें भी खिंचवाईं। इस अवसर पर वन विभाग के प्रमुख सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, प्रधान मुख्य वन संरक्षक अरुण पाण्डेय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

You might also like!