CG Accident : बिलासपुर: दुर्ग से शादी की रस्में पूरी कर नई नवेली दुल्हन के साथ घर लौट रहे दूल्हे और उनके परिवार के लिए सफर किसी काल की तरह आया। लोखंडी बाईपास के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सामने खड़े ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में दूल्हा-दुल्हन और चालक समेत अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
विदाई के कुछ घंटों बाद ही हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बेलतरा के ग्राम नेवसा निवासी सत्येंद्र साहू (23 वर्ष) की शादी दुर्ग में संपन्न हुई थी। विदाई के बाद सत्येंद्र अपनी पत्नी मनीषा और परिजनों के साथ स्कॉर्पियो में सवार होकर अपने गांव नेवसा लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी लोखंडी बाईपास के पास पहुंची, वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे सड़क पर मौजूद एक ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसा।
घायलों की स्थिति नाजुक, सिम्स में उपचार जारी
हादसे की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
दुल्हन मनीषा और वाहन में सवार एक छोटी बच्ची को सबसे अधिक चोटें आई हैं। दूल्हा सत्येंद्र साहू और चालक पप्पू धीवर (निवासी नेवसा) भी इस टक्कर में बुरी तरह लहूलुहान हो गए।
सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए बिलासपुर के सिम्स (SIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है और वे विशेषज्ञों की निगरानी में हैं।
परिवार में पसरा सन्नाटा
जिस घर में कुछ देर पहले मंगल गीत गाए जा रहे थे और बहु के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं, वहां इस खबर के पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को मार्ग से हटाकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा वाहन चालक को झपकी आने की वजह से हुआ या तेज रफ्तार के कारण।








