CG Accident : बालोद। जिले के बालोद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम टेकापार के पास आज एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, टेकापार निवासी कृष्णा अपनी 13 वर्षीय नातिन और ससुर (नाना) के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम टेकापार के पास सामने से आ रही एक अनियंत्रित अज्ञात गाड़ी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर दूर जा गिरे।
मेडिकल कॉलेज रेफर
दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया। जहां से डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही बालोद थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।








