CG ACCIDENT : छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना सुबह करीब 6:15 बजे उस समय हुई, जब दोनों महिलाएं रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं।
मिली जानकारी के अनुसार, गौरेला के सारबहरा रोड निवासी बेला बाई पनसारी और सुशीला वर्मा आईटीआई सेमरा के पास मुख्य सड़क पर टहल रही थीं। इसी दौरान कोरबा से कटनी कैमूर की ओर जा रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप कैंपर वाहन (क्रमांक MP 21 G 0992) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी एक बस से जा टकराई। घटना को अंजाम देने के बाद चालक लल्लू मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।








