CG ACCIDENT : बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ मस्तूरी थाना क्षेत्र में स्टेट बैंक के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में 3 माह की मासूम बच्ची और उसकी मां की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मृतिका का पति गंभीर रूप से घायल है।
मिली जानकारी के अनुसार, चकरभाठा थाना क्षेत्र का रहने वाला यादव परिवार बाइक पर सवार होकर किसी निजी काम से मस्तूरी की ओर आ रहा था। जैसे ही वे मस्तूरी के स्टेट बैंक के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (क्रमांक: CG 08 W 1435) के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
मौके पर ही मौत
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। बाइक पर सवार शिवरात्रि बाई यादव और उनकी तीन महीने की मासूम बेटी ट्रक के पहियों की चपेट में आ गए, जिससे दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में पति को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मस्तूरी स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।








