CG Accident : बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला बलौदाबाजार जिले से सामने आया है, जहां एक भीषण सड़क हादसे में दो पुलिसकर्मियों की जान चली गई। हथबंद थाना क्षेत्र के उड़ेला-पौसरी मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पुलिसकर्मियों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक आरक्षक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान रायपुर में दम तोड़ दिया।
विवेचना पर निकले थे दोनों जवान
जानकारी के अनुसार, आरक्षक धर्मेंद्र यादव (377), जो जिला साइबर सेल में पदस्थ थे, और आरक्षक प्रशांत धर दीवान (809), जो हथबंद थाने में तैनात थे, मंगलवार सुबह एक मामले की जांच (विवेचना) के सिलसिले में मोटरसाइकिल से निकले थे।
सुबह करीब 11 बजे, जब वे उड़ेला–पौसरी मार्ग पर पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि दोनों जवान सड़क से दूर जा गिरे।
हादसे का विवरण
आरक्षक धर्मेंद्र यादव टक्कर के बाद गंभीर चोटें आने के कारण घटनास्थल पर ही शहीद हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल प्रशांत धर दीवान को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया था, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका।
बेमेतरा के रहने वाले थे दोनों पुलिसकर्मी
मृतक आरक्षक धर्मेंद्र यादव बेमेतरा जिले के ग्राम परसबोड़ (थाना साजा) के निवासी थे। वहीं, आरक्षक प्रशांत धर दीवान बेमेतरा के नवागढ़ क्षेत्र के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि दोनों जवान अपने परिवार के मुख्य सहारा थे, उनकी असमय मृत्यु से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार ट्रक चालक व वाहन की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना से पूरे पुलिस महकमे और स्थानीय इलाके में शोक की लहर है।








