Breaking

CG ACCIDENT : बिलासपुर में बिछ गई लाशें: जश्न मनाकर लौट रहे थे दोस्त, रॉन्ग साइड से आए 'यमराज' ने 4 को लील लिया

Chhattisgarh RRT News Desk 27 February 2026

post

CG ACCIDENT : बिलासपुर : छत्तीसगढ़ की न्यायधानी में शुक्रवार की काली रात ने चार परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए उजाड़ दीं। सकरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर एक रोंगटे खड़े कर देने वाले सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि शवों को निकालने के लिए पुलिस को लोहे की चादरें काटकर रास्ता बनाना पड़ा।

Advertisement


खुशियां मातम में बदलीं

जानकारी के मुताबिक, पांच दोस्त ग्राम सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा में एक विवाह की 25वीं वर्षगांठ के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। देर रात करीब 2 बजे जब वे अपनी स्कॉर्पियो (CG 04 MQ 4220) में सवार होकर हंसी-खुशी घर लौट रहे थे, तभी काल बनकर आए एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।


आमने-सामने की भिड़ंत और फिर बिछ गई लाशें

हादसा उस वक्त हुआ जब सकरी-रतनपुर की ओर से आ रहे ट्रेलर (CG 11 BD 9044) के चालक ने लापरवाही बरतते हुए वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। ट्रेलर रॉन्ग साइड (गलत दिशा) में घुस गया और सामने से आ रही स्कॉर्पियो को सीधी टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और वह मलबे के ढेर में तब्दील हो गई। ट्रेलर भी पास खड़े एक अन्य वाहन को टक्कर मारते हुए पलट गया।


 गैस कटर का लेना पड़ा सहारा

स्कॉर्पियो में सवार पांचों लोग गाड़ी के भीतर बुरी तरह फंस गए थे। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंची पुलिस को उन्हें बाहर निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। गैस कटर मंगवाकर गाड़ी के मलबे को काटा गया। करीब 2 घंटे चले इस रेस्क्यू के बाद जब उन्हें बाहर निकाला गया, तब तक 4 लोगों की सांसें थम चुकी थीं। हादसे में जान गंवाने वाले में छत्रपाल रात्रे (37 वर्ष), विशाल लहरें (25 वर्ष), अनमोल लहरें (14 वर्ष), सोनू मिरी (28 वर्ष) शामिल है। 


एक की हालत नाजुक, आरोपी ड्राइवर हिरासत में

इस भीषण हादसे में प्रकाश रात्रे नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे तत्काल सिम्स (SIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद सकरी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रेलर चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

You might also like!