RRT News- बिलासपुर/राजस्थान: वैवाहिक वेबसाइट के जरिए सुनहरे भविष्य का सपना लेकर राजस्थान पहुंची बिलासपुर की एक युवती के साथ ससुराल में रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही उसके जेठ ने उसके साथ दुष्कर्म किया और लगातार प्रताड़ित करने लगा। इस घिनौनी करतूत और पारिवारिक कलह से आहत होकर पीड़िता के पति ने आत्महत्या कर ली, जिसके बाद पीड़िता किसी तरह अपनी जान बचाकर मायके पहुंची।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पीड़िता ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि ससुराल में उसे न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक तौर पर भी तोड़ा गया। पति की मौत के बाद वह पूरी तरह अकेली पड़ गई थी और आरोपी जेठ का खौफ बढ़ता जा रहा था। जैसे-तैसे वह अपने मायके बिलासपुर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई, जिसके बाद पुलिस में मामला दर्ज कराया गया।
बिलासपुर महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जेठ के खिलाफ दुष्कर्म और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और राजस्थान पुलिस से भी संपर्क साधा जा रहा है। पीड़िता को उचित सुरक्षा और न्याय दिलाने का भरोसा दिया गया है।







