Breaking

SECL के रिटायर्ड कर्मी का मोबाइल हैक कर 1.39 लाख की ठगी, क्रेडिट कार्ड से फ्लिपकार्ट पर कर डाली ताबड़तोड़ शॉपिंग

Crime 21 October 2026 (6)

post

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में साइबर ठगों के हौसले लगातार बुलंद बने हुए हैं। ताजा मामला बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर इलाके का है, जहां शातिर साइबर ठगों ने साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के एक सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) कर्मचारी का मोबाइल फोन हैक कर उनके बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड से कुल 1.39 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी को अंजाम दिया। ठगों ने मोबाइल को अपने नियंत्रण में लेने के बाद ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट (Flipkart) के जरिए जमकर खरीदारी की। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

मोबाइल हैंग होने के बाद शुरू हुआ खेल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर स्थित कल्याण बाग निवासी 66 वर्षीय भक्तिमय चौधरी SECL से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। उन्होंने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 12 अक्टूबर की दोपहर करीब 3 बजे किसी अज्ञात साइबर ठग ने उनका मोबाइल फोन हैक कर लिया था। इस दौरान उनका मोबाइल अचानक पूरी तरह हैंग हो गया और ठीक से काम करना बंद कर दिया। जब तक वे कुछ समझ पाते, तब तक ठग अपना पूरा खेल खेल चुके थे।

दो बार में निकाले गए 65 हजार और 73 हजार

शाम करीब 6 बजे जब रिटायर्ड कर्मी ने अपने बैंक का मोबाइल एप्लीकेशन चेक किया, तो उनके होश उड़ गए। उनके बैंक खाते से दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 65 हजार और 73 हजार रुपये की हेराफेरी की गई थी। ठगों ने खाते की रकम को क्रेडिट कार्ड में ट्रांसफर किया और इसके बाद फ्लिपकार्ट के माध्यम से महंगे सामानों की ताबड़तोड़ ऑनलाइन खरीदी कर डाली। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

You might also like!