Breaking

Student Suicide Case – बिलासपुर में प्रोफेसर के बेटे ने मौत को लगाया गले, पढ़ाई के तनाव में ऑनलाइन मंगवाया 'सायनाइड'

Chhattisgarh RRT News Desk 10 April 2026

post

RRT News बिलासपुर: न्यायधानी के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत लोधीपारा में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कॉलेज प्रोफेसर के होनहार बेटे ने पढ़ाई के भारी तनाव के चलते आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि युवक ने जान देने के लिए करीब 4 महीने पहले ही ऑनलाइन शॉपिंग साइट के जरिए घातक 'सायनाइड' ऑर्डर कर मंगा लिया था, जिसका सेवन कर उसने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

Advertisement

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि मृतक छात्र पिछले कुछ समय से अपनी पढ़ाई और करियर को लेकर काफी दबाव में था। परिजनों को इस बात की भनक तक नहीं थी कि वह इतना बड़ा कदम उठाने की योजना बना रहा है। घटना वाले दिन जब कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला, तब परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका में अंदर देखा तो युवक बेसुध पड़ा था, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सरकंडा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस इस बात की भी गहराई से तफ्तीश कर रही है कि सायनाइड जैसे खतरनाक और प्रतिबंधित रसायन को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर कैसे उपलब्ध कराया गया। मृतक के मोबाइल फोन और लैपटॉप को जब्त कर लिया गया है ताकि उसकी सर्च हिस्ट्री और तनाव की मुख्य वजह का पता लगाया जा सके। प्रोफेसर के घर में हुए इस हादसे ने पूरे मोहल्ले को शोक में डुबो दिया है।

मनोवैज्ञानिकों और पुलिस प्रशासन ने इस घटना के बाद अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की मानसिक स्थिति पर ध्यान दें और पढ़ाई का अतिरिक्त दबाव न बनने दें। ऑनलाइन प्लेटफार्म्स पर खतरनाक रसायनों की आसान उपलब्धता भी अब एक गंभीर जांच का विषय बन गई है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

You might also like!