Breaking

बरगी बांध हादसे को लेकर बड़ी खबर, जबलपुर में पकड़ाया क्रूज हादसे का जिम्मेदार

National RRT News Desk 02 May 2026

post

जबलपुर।  बरगी बांध हादसे का जिम्मेदार क्रूज का पायलट महेश पटेल जबलपुर में पकड़ा गया है। बताया जा रहा है कि उसने सरेंडर किया है। क्रूज पायलट महेश पटेल से एमपी टूरिज्म के अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं। राज्य सरकार उसे पहले ही नौकरी से बर्खास्त कर चुकी है।

Advertisement

सूत्रों के अनुसार एमपी टूरिज्म के अधिकारियों के समक्ष क्रूज पायलट महेश पटेल ने हादसे के लिए अपनी जिम्मेदारी स्वीकारते हुए माफी मांगी है। इस बीच हादसे में लापता 4 लोगों को अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। शनिवार सुबह से ही सर्चिंग शुरु की जा चुकी है।

बता दें कि राज्य सरकार ने शुक्रवार को ही क्रूज पायलट महेश पटेल, क्रूज हेल्पर छोटेलाल गोंड एवं टिकट काउंटर प्रभारी (एफओए) बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी थी। होटल मैकल रिसॉर्ट और बोट क्लब बरगी के मैनेजर सुनील मरावी को काम में लापरवाही बरतने पर निलंबित किया गया जबकि रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा को मुख्यालय अटैच कर विभागीय जांच शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

राहत कार्य करने वालों को 51- 51 हजार रुपए की राशि बतौर सम्मान

सीएम ने कहा कि उच्च स्तरीय जांच कमेटी तीन दिन में रिपोर्ट देगी। नौकायन, वाटर स्पोट्र्स के लिए एसओपी बनाई जाएगी। राहत कार्य करने वालों को 51- 51 हजार रुपए की राशि बतौर सम्मान दी जाएगी।

संचालन बंद

इस हादसे के बाद नर्मदापुरम जिले के तवा बांध में क्रूज और हाउस बोट का संचालन बंद कर दिया गया है। स्पीड बोट, जलपरी का तकनीकी परीक्षण कर उपयोग किया जा रहा है। बरगी हादसे पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को दो- दो लाख, घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

You might also like!