भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के स्टील मेल्टिंग शॉप-2 (SMS-2) में एक बड़ा हादसा हो गया है। जानकारी के अनुसार, हॉट मेटल के छलक कर जमीन पर गिरने की वजह से प्लांट के भीतर भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ऊपर से गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण केबल जलकर खाक हो गईं। इस घटना के बाद पूरे यूनिट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सुरक्षा की दृष्टि से तत्काल काम रोक दिया गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में आग की लपटें और धुएं का गुबार साफ देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि आग लगने के कारण प्लांट की कई महत्वपूर्ण मशीनें और इलेक्ट्रिकल पैनल बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। इस हादसे से करोड़ों रुपए की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आगजनी की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया गया।
इस दुर्घटना के चलते एसएमएस-2 में स्टील का उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया है। प्रोडक्शन बंद होने से प्रबंधन को बड़े वित्तीय घाटे का सामना करना पड़ सकता है। फिलहाल भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन ने हादसे के कारणों की जांच के लिए कमेटी गठित करने के निर्देश दिए हैं। गनीमत यह रही कि इस हादसे में अभी तक किसी जनहानि की खबर सामने नहीं आई है, लेकिन मशीनों और केबल नेटवर्क को हुई क्षति की मरम्मत में काफी समय लग सकता है।








