Breaking

बस्तर तिरंगा यात्रा के दूसरे दिन दंतेवाड़ा में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, मां दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना के बाद निकली यात्रा

Chhattisgarh 13 August 2026

post

रायपुर, 13 अगस्त 2026। बस्तर तिरंगा यात्रा के दूसरे दिन उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने दंतेवाड़ा पहुंचकर मां दंतेश्वरी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद दंतेवाड़ा बस स्टैंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर तिरंगा यात्रा को आगे बढ़ाया गया। यात्रा के दौरान नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में राष्ट्रभक्ति, शांति और विकास का संदेश दिया जा रहा है।

Advertisement

211 वीर जवानों को किया नम

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दंतेवाड़ा जिले में सर्वोच्च बलिदान देने वाले 211 वीर जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि बस्तर की जनता, समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों के सहयोग से नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा ऐसे क्षेत्रों से गुजर रही है, जहां कभी नक्सली हिंसा के कारण पहुंचना मुश्किल था, लेकिन आज उन्हीं इलाकों में गर्व और उत्साह के साथ तिरंगा लहराया जा रहा है।

वन मंत्री ने की हर घर तिरंगा लगाने की अपील

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों में तिरंगा लगाने और हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की।

सांसद महेश कश्यप ने बताया ऐतिहासिक क्षण

बस्तर सांसद महेश कश्यप ने तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक और गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यात्रा उन क्षेत्रों से होकर गुजर रही है, जहां कभी नक्सल आतंक के कारण आम लोगों का पहुंचना मुश्किल था। उनके अनुसार अब इन क्षेत्रों में विकास और राष्ट्रभक्ति का नया वातावरण तैयार हुआ है।

कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे।

You might also like!