Breaking

Bastar Development: अंतागढ़ में मुख्यमंत्री साय ने सुनी ‘मन की बात’, लामकन्हार के विकास के लिए 85 लाख की घोषणा

Chhattisgarh 27 September 2026

post

रायपुर, 27 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम लामकन्हार स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 138वीं कड़ी का सामूहिक श्रवण किया। इस दौरान प्रधानमंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान का उल्लेख किए जाने पर मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।

Advertisement

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों में जनभागीदारी से हो रहे सकारात्मक बदलावों और नवाचारों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है। उन्होंने ग्रामीणों और विद्यार्थियों से अपने घरों में मुनगा का पौधा लगाने तथा इसके पोषण संबंधी लाभों के प्रति लोगों को जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुनगा के पत्ते, फल और फूल भोजन में उपयोग किए जाते हैं और इसमें आयरन सहित कई पोषक तत्व पाए जाते हैं।

छत्तीसगढ़ के नवाचारों का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के जनभागीदारी आधारित प्रयासों का ‘मन की बात’ में उल्लेख प्रदेशवासियों के प्रयासों और सहभागिता को राष्ट्रीय मंच मिलने का अवसर है। उन्होंने बस्तर पंडुम, बस्तर ओलंपिक, मल्हार में मिले ऐतिहासिक ताम्रपत्र और कोरिया के ‘5 प्रतिशत जल संचय मॉडल’ का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि स्थानीय जरूरतों के आधार पर जनभागीदारी से किए गए छोटे प्रयास व्यापक बदलाव की नींव बन सकते हैं। ‘5 प्रतिशत जल संचय मॉडल’ के तहत किसान अपने खेत के एक हिस्से में जल संचयन की व्यवस्था करते हैं, जिससे सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता और भूजल संरक्षण में मदद मिलती है।

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास पर जोर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर और कांकेर के कई क्षेत्र लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहे हैं। उनके अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने और स्थानीय लोगों के सहयोग से इन क्षेत्रों में शांति तथा विकास के नए अवसर बन रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य दूरस्थ क्षेत्रों के अंतिम गांव और अंतिम व्यक्ति तक विकास की सुविधाएं पहुंचाना है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, संचार और रोजगार के क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर काम किया जा रहा है।

लामकन्हार में 85 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा

मुख्यमंत्री ने ग्राम लामकन्हार में शिक्षा, अधोसंरचना और सामुदायिक सुविधाओं के लिए कुल 85 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें शीतला मंदिर के पास सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख रुपये, प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला भवन के लिए 37 लाख रुपये, छोटे पारा में सीसी रोड के लिए 18 लाख रुपये और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में पुस्तकालय एवं प्रयोगशाला के लिए 15 लाख रुपये शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। घोषित कार्यों से ग्रामीणों और विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत लगाया अमरूद का पौधा

‘मन की बात’ कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने एकलव्य विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अमरूद का पौधा लगाया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण की अपील की।

कार्यक्रम में सांसद भोजराज नाग, अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

You might also like!