बालोद: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में आज एक रूह कंपा देने वाला हादसा हुआ, जिसमें दर्जनों यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई। जानकारी के अनुसार, एक निजी यात्री बस तेज रफ्तार में जा रही थी, तभी अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया। बस सड़क से उतरकर सीधे रेलवे ट्रैक के किनारे बनी गहरी खाई में जा गिरी। बस के गिरते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया और चारों ओर चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
रेलवे ट्रैक से चंद कदम दूर रुकी मौत
यह हादसा कितना भयानक हो सकता था, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बस गहरी खाई में लुढ़कते हुए रेलवे ट्रैक के बेहद करीब पहुंच गई थी। यदि बस ट्रैक पर गिरती और उस समय कोई ट्रेन आ जाती, तो यह एक बड़ी रेल त्रासदी में बदल सकता था। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि बस काफी तेजी से पलटी, लेकिन झाड़ियों और मिट्टी के टीलों के कारण उसकी रफ्तार कम हो गई और वह ट्रैक पर चढ़ने से पहले ही रुक गई।
यात्रियों की मची चीख-पुकार, ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस के शीशे तोड़कर भीतर फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि इतनी बड़ी ऊंचाई से गिरने के बावजूद किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है। कुछ यात्रियों को मामूली खरोंचें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। यात्रियों का कहना है कि यह किसी चमत्कार से कम नहीं है कि वे सब सुरक्षित हैं।
पुलिस की जांच और लापरवाही पर सवाल
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को खाई से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार या स्टयरिंग फेल होना बताया जा रहा है। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है कि क्या चालक नशे में था या बस में कोई तकनीकी खराबी थी।








