Breaking

Asian Games 2026: कोरबा की संजू देवी ने कबड्डी में जीता स्वर्ण, मुख्यमंत्री साय ने फोन पर दी बधाई

Chhattisgarh 26 September 2026

post

रायपुर, 26 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य और छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की संजू देवी से फोन पर बातचीत कर उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री ने उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि से छत्तीसगढ़ गौरवान्वित हुआ है।

Advertisement

मुख्यमंत्री ने कहा कि संजू देवी ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल के दम पर राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स जैसे बड़े मंच पर भारतीय महिला कबड्डी टीम की सफलता गर्व का विषय है और इसमें छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी की भागीदारी प्रदेश के लिए विशेष उपलब्धि है।

संजू देवी की सफलता को प्रदेश की युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां शिक्षा और खेल समेत विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि संजू देवी की उपलब्धि उन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी, जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने का सपना देख रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर, प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। गांवों, आदिवासी अंचलों और छोटे शहरों में मौजूद प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ ओलिंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया भी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने फाइनल मुकाबले में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक जीता। इस सफलता में कोरबा की संजू देवी ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला कबड्डी टीम के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को भी बधाई दी।

You might also like!