Breaking

Arang News : जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी व छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना का जोरदार सदस्यता अभियान, युवाओं व महिलाओं की बढ़ी भागीदारी

Chhattisgarh RRT News Desk 12 April 2026

post

Arang News : जिला रायपुर ग्रामीण के आरंग खंड में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी एवं छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के तत्वावधान में एक संगठनात्मक बैठक एवं सदस्यता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और संगठन की विचारधारा से प्रभावित होकर सदस्यता ग्रहण की।

Advertisement


आरंग क्षेत्र को छत्तीसगढ़ में छत्तीसगढ़ियों को एकजुट करने, जात-पात से ऊपर उठकर समाज को जोड़ने तथा छत्तीसगढ़ियावाद की भावना को मजबूत करने के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में भी देखा जाता है, जिस पर वक्ताओं ने विशेष प्रकाश डाला।


कार्यक्रम के दौरान संगठन की मूल विचारधारा, छत्तीसगढ़िया अस्मिता, स्थानीय अधिकारों की रक्षा एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही प्रदेश की वर्तमान चिंताजनक स्थिति—जैसे गैस सिलेंडर की कमी, बिजली बिल में बढ़ोतरी, हसदेव जंगल की कटाई, बस्तर क्षेत्र में बाहरी लोगों का बढ़ता प्रभाव, बेरोजगारी, युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति, महंगाई एवं अन्य सामाजिक समस्याएं—पर गंभीर विमर्श किया गया।


इस अवसर पर संगठन के प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारीगण की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक में उपस्थित आरंग खंड के लोगों ने संगठन से जुड़ने की सहमति जताई और भविष्य में जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया।


संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, भाषा, जल-जंगल-जमीन और स्थानीय अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन लगातार संघर्ष करता रहेगा। कार्यक्रम में सेनानियों ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार बदले की भावना से संगठन को कमजोर करने का प्रयास कर रही है तथा प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों को जेल में डालकर छत्तीसगढ़ियावाद की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। बावजूद इसके संगठन ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है।


सेनानियों ने दोहराया कि संगठन की मुख्य धारा “छत्तीसगढ़, छत्तीसगढ़िया और छत्तीसगढ़ियावाद” है। इस विचारधारा को लेकर अब युवाओं में स्पष्ट समझ विकसित हो रही है कि छत्तीसगढ़ में उनके हक और अधिकार क्या हैं और प्रदेश को भविष्य में किस दिशा में आगे बढ़ाना है।


वक्ताओं ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ियावाद की आवाज उठाने के कारण आज भी प्रदेश के कई पदाधिकारी जेल में बंद हैं, जिनमें अमित बघेल (प्रदेश अध्यक्ष, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी), डॉ. अजय यादव (प्रदेश अध्यक्ष, छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना) तथा दिनेश वर्मा (केंद्रीय सदस्य, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी) शामिल हैं। इसके बावजूद संगठन के कार्यकर्ता एवं समर्थक पूरे प्रदेश में आंदोलन और संगठन विस्तार को लगातार आगे बढ़ा रहे हैं।


कार्यक्रम का समापन संगठन की एकता, मजबूती और संघर्ष के संकल्प के साथ किया गया।

You might also like!