Breaking

एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा: छत की रिपेयरिंग के दौरान 30 फीट नीचे गिरा इलेक्ट्रीशियन, अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

Chhattisgarh RRT News Desk 21 May 2026

post

RRT News- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर गुरुवार सुबह एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। एयरपोर्ट के सिक्योरिटी होल्ड एरिया (Security Hold Area) में पहली मंजिल पर मेंटेनेंस और सुधार कार्य के दौरान एक संविदा इलेक्ट्रीशियन ऊंचाई से अचानक नीचे गिर गया। लगभग 30 फीट की ऊंचाई से सीधे फर्श पर गिरने के कारण कर्मचारी को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। इस अप्रत्याशित घटना से एयरपोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया और वहां मौजूद यात्री व सुरक्षाकर्मी तुरंत मदद के लिए दौड़े।

Advertisement

अत्यधिक गर्मी के कारण चक्कर आने की आशंका

मृतक कर्मचारी की पहचान कुबेर चंद साहू के रूप में हुई है, जो पिछले 5-6 महीनों से एक ठेका कंपनी के तहत एयरपोर्ट पर इलेक्ट्रीशियन का काम कर रहा था। एयरपोर्ट प्रबंधन द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, कुबेर सुबह करीब 11 बजे बोर्डिंग गेट नंबर 7 और 8 के पास फॉल्स सीलिंग (False Ceiling) के नीचे लाइट की मरम्मत कर रहा था। इसी दौरान क्षेत्र में पड़ रही अत्यधिक गर्मी और उमस के कारण उसे अचानक चक्कर आ गया और वह बेहोश होकर सीधे नीचे आ गिरा। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपनी एम्बुलेंस से घायल कर्मचारी को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे 'ब्रॉट डेड' (अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत) घोषित कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच, परिजनों को सहायता का आश्वासन

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का मुआयना किया और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों (Safety Measures) की अनदेखी की गई थी या नहीं, इस बिंदु पर गहन जांच की जा रही है। दूसरी ओर, रायपुर एयरपोर्ट प्रबंधन ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि वे ठेकेदार एजेंसी के साथ मिलकर पीड़ित परिवार को हर संभव आर्थिक सहायता और सहयोग प्रदान करने की प्रक्रिया में जुटे हैं।

You might also like!