Breaking

भारत निर्वाचन आयोग ने 32 देशों के चुनाव प्रबंधन निकायों के प्रमुखों के साथ कीं द्विपक्षीय बैठकें

Chhattisgarh 22 January 2026

post


Advertisement

                                                                            रायपुर, 22 जनवरी 2026/ लोकतंत्र एवं चुनाव प्रबंधन के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए भारत निर्वाचन आयोग ने अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन सम्मेलन (IICDEM)–2026 के अवसर पर 32 देशों के चुनाव प्रबंधन निकायों (ईएमबी) के प्रमुखों के साथ द्विपक्षीय बैठकें आयोजित कीं।

                                                                       इन बैठकों का नेतृत्व भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार ने किया। उनके साथ निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू एवं डॉ. विवेक जोशी भी उपस्थित रहे।

                                                               द्विपक्षीय बैठकों के दौरान वैश्विक स्तर पर चुनावी अनुभवों, नवाचारों तथा सर्वोत्तम प्रथाओं पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। इन चर्चाओं का उद्देश्य निर्वाचन प्रबंधन एवं लोकतांत्रिक सहयोग के क्षेत्र में भारत की दीर्घकालिक अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों को और अधिक मजबूत बनाना रहा।

                                                                  बैठकों के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संबंधित देशों को उनके-अपने कानूनों के अनुरूप ECINET जैसे उन्नत प्रौद्योगिकी प्लेटफॉर्म विकसित करने में सहयोग की पेशकश की गई। इसके साथ ही भारत ने अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन सम्मेलन (IICDEM) के माध्यम से चुनाव प्रबंधन निकायों के निर्वाचन अधिकारियों को प्रशिक्षण सहायता प्रदान करने का भी प्रस्ताव रखा।

                                                              ECINET डिजिटल प्लेटफॉर्म की सराहना करते हुए कई देशों के चुनाव प्रबंधन निकायों ने अपने-अपने देशों में इसी प्रकार के तकनीकी समाधान अपनाने हेतु भारत के साथ सहयोग में गहरी रुचि व्यक्त की।

                                                                      इन द्विपक्षीय बैठकों ने लोकतंत्र एवं निर्वाचन शासन के भविष्य को लेकर उच्च-स्तरीय वैश्विक संवाद की दिशा तय की है। साथ ही यह अंतरराष्ट्रीय IDEA की अध्यक्षता के लिए भारत की थीम —“समावेशी, शांतिपूर्ण, लचीले और टिकाऊ विश्व के लिए लोकतंत्र” — को भी और आगे बढ़ाती है।

                                                                     आज जिन देशों के चुनाव प्रबंधन निकायों के साथ द्विपक्षीय बैठकें आयोजित की गईं, उनमें मॉरीशस, मेक्सिको, इंडोनेशिया, पुर्तगाल, पेरू, फिलीपींस, दक्षिण अफ्रीका, ट्यूनेशिया, नबीमिया, मंगोलिया, उरुग्वे, एस्टोनिया, बोत्सवाना, कैमरून, भूटान, यूनाइटेड किंगडम, चेक गणराज्य, अल्बानिया, गुयाना, उज्बेकिस्तान, फिजी, मालदीव, संयुक्त राज्य अमेरिका, ज़ाम्बिया, जॉर्जिया, किर्गिस्तान, सूरीनाम, सेशेल्स, श्रीलंका, कज़ाकिस्तान, नाइजीरिया एवं आयरलैंड शामिल हैं।भारत निर्वाचन आयोग द्वारा शेष देशों के चुनाव प्रबंधन निकायों के प्रमुखों के साथ द्विपक्षीय बैठकें आगामी दिवस आयोजित की जाएंगी।

You might also like!